ईरान-इजरायल युद्ध का असर, फ्लाइट निरस्त; कई भारतीय दुबई में फंसे
ओ
चित्तौड़गढ़। ईरान पर इजरायल और अमेरिका की ओर से किए जा रहे हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर दिखाई देने लगा है। सुरक्षा कारणों से कई फ्लाइटें निरस्त कर दी गई हैं। शनिवार शाम दुबई से भारत के लिए अंतिम उड़ान रवाना हुई, इसके बाद अन्य उड़ानों को रोक दिया गया।
इस स्थिति के चलते कई भारतीय नागरिक दुबई में फंस गए हैं। इनमें राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के पूर्व उपाध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़ और महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी विकास महाराज भी शामिल हैं।
एयरपोर्ट पर रोकी गई फ्लाइट
शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि उनकी फ्लाइट शनिवार दोपहर 1 बजे निर्धारित थी। इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर वे विमान में बैठ चुके थे, तभी हमले की सूचना के बाद विमान को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। कई घंटों की असमंजस की स्थिति के बाद यात्रियों को वापस एयरपोर्ट लाया गया और बाद में होटल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में दुबई एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन हमलों की भी खबरें आई हैं। सुरक्षा कारणों से एहतियात बढ़ा दी गई है।
होटल में ठहरे, भारत लौटने का इंतजार
राठौड़ के अनुसार, वे और अन्य भारतीय दुबई में बुर्ज खलीफा के आसपास स्थित होटलों में ठहरे हुए हैं। सभी भारत लौटने के लिए सरकारी निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। परिजन भी लगातार संपर्क में हैं और चिंतित हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गए थे पुजारी
विकास महाराज ने बताया कि वे दुबई एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। वापसी के दौरान अचानक युद्ध की स्थिति बनने से अफरा-तफरी मच गई और फ्लाइटें निरस्त कर दी गईं। उन्होंने सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना की है।
सरकार से सुरक्षित वापसी की मांग
चित्तौड़गढ़ निवासी जेपी दशोरा, जो रविवार सुबह दुबई से जयपुर पहुंचे, ने बताया कि उनकी फ्लाइट अंतिम उड़ानों में शामिल थी। इसके बाद सभी उड़ानें रोक दी गईं। उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि दुबई में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
स्थिति पर भारत सरकार की नजर बनी हुई है और आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है।
Kfdnews.com इस अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।