ओवरटेकिंग में कार की टक्कर से दादा-पोता गंभीर, चालक हिरासत में


चंदवक।
अहिरौली गांव के समीप आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दादा-पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटवा निवासी अमरनाथ यादव (55) अपने दो वर्षीय पोते विराट के साथ दानगंज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेकिंग करते समय सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अमरनाथ यादव और उनके पोते विराट के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
— Kfdnews.com