चाची को भतीजे ने उतारा मौत के घाट, मेरठ के गणेशपुर गांव में सनसनी


मेरठ। जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 32 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही 18 वर्षीय भतीजे पर लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पूजा (32 वर्ष) पत्नी धर्मेंद्र त्यागी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह घर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूजा खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़ी हुई थी। वहीं कुछ ग्रामीणों ने आरोपी भतीजे शिवा को घर से निकलते हुए भी देखा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवा की उम्र लगभग 18 वर्ष है और वह अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि जुलाई माह में उसकी मां की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रह रहा था। आरोपी का कहना है कि उसकी चाची अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती थीं, जिससे वह काफी परेशान था। इसी विवाद से तंग आकर उसने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने मवाना थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और पुलिस को एक तमंचा तथा एक खाली कारतूस भी सौंप दिया।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका का एक 6 महीने का मासूम बच्चा भी है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका पूजा अपने संयुक्त परिवार में रहती थी, जहां उसके पति धर्मेंद्र त्यागी, सास-ससुर, आरोपी भतीजा और उसका भाई भी साथ रहते थे। पति धर्मेंद्र खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights