जौनपुर: पत्नी ने पति पर लगाया दूसरी महिला रखने का आरोप चार साल से मायके में रहने को मजबूर पीड़िता


जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के खोजनापुर गांव की एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले चार वर्षों से अपनी मासूम पुत्री के साथ मायके में रहने को मजबूर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोजनापुर निवासी कल्पनाथ की पुत्री सविता की शादी 21 मार्च 2018 को बक्सा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी नीरज कुमार के साथ हुई थी। वर्ष 2021 में सविता ने एक पुत्री को जन्म दिया। आरोप है कि पुत्री के जन्म के बाद नीरज उसे जौनपुर शहर में किराए के कमरे में रखकर कुछ दिनों तक साथ रहा, लेकिन बाद में उसे छोड़कर चला गया।
सविता का कहना है कि उसने कई बार पति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह वापस नहीं आया। किराए का खर्च मायके पक्ष द्वारा उठाया गया। अंततः 12 सितंबर 2021 को सविता अपनी पुत्री के साथ मायके लौट आई। परिजनों ने कई बार नीरज को समझाने और बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि नीरज एक निजी अस्पताल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति का एक अन्य महिला से संबंध है। वह मोबाइल फोन पर सविता और उसके माता-पिता को प्रतिदिन गाली-गलौज करता है। आरोप है कि संबंधित महिला भी उसके साथ मिलकर अभद्र भाषा का प्रयोग करती है। सविता का कहना है कि उसने थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सविता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति मायके आकर धमकी देता है और वह महिला भी उसके साथ रहती है। पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights