जौनपुर में बहुजन नायक कांशीराम की 92वीं जयंती मनाई गई, डॉ. रागिनी सोनकर बोलीं— बहुजन समाज को हुक्मरान बनने का सपना दिखाया

जौनपुर। कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी जौनपुर द्वारा नगर स्थित होटल रिवर व्यू में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पीडीए समाज और बहुजन समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और कांशीराम की तस्वीर लेकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्य वक्ता डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि बहुजन नायक कांशीराम ने दलितों, शोषितों और पिछड़ों को राजनीतिक चेतना देकर उन्हें ‘हुक्मरान’ बनने का सपना दिखाया। उन्होंने कहा कि आज शोषित, वंचित और पिछड़े वर्ग की आवाज संसद और विधानसभा तक पहुंच रही है, लेकिन पीडीए समाज को पूर्ण अधिकार तभी मिलेंगे जब सत्ता में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
अपने संबोधन में राकेश मौर्य ने कहा कि कांशीराम का लक्ष्य बहुजन समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाना था, ताकि समाज एकजुट होकर राजनीतिक शक्ति प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व मंत्री श्रीराम यादव सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पीडीए समाज के लोग उपस्थित रहे।