जौनपुर में बिजली विभाग पर बड़ी कार्रवाई, जेई निलंबित और एसडीओ को चार्जशीट


जौनपुर। ए.के. शर्मा के औचक निरीक्षण के बाद बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। विभागीय लापरवाही सामने आने पर मड़ियाहूं क्षेत्र में तैनात अवर अभियंता (जेई) को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित एसडीओ को चार्जशीट जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च को ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा अचानक 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मड़ियाहूं का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान वहां तैनात अवर अभियंता शहजाद अली ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
बताया जाता है कि मंत्री ने स्वयं फोन कर जेई को तुरंत उपकेंद्र पहुंचने का निर्देश दिया, लेकिन इसके बावजूद वे मौके पर नहीं पहुंचे।
मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जेई शहजाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उन्हें शाहगंज विद्युत वितरण खंड से संबद्ध कर दिया गया है।
वहीं क्षेत्र के एसडीओ सौरभ तिवारी को भी लापरवाही के आरोप में चार्जशीट जारी की गई है।
अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने कहा कि इस समय विभाग में अनुरक्षण (मेंटेनेंस) माह चल रहा है। ऐसे में ड्यूटी से बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर अनुशासनहीनता है और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights