तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, चाचा-नाती गंभीर घायल मुकदमा दर्ज


जौनपुर/चंदवक।
थाना चंदवक क्षेत्र के ग्राम चन्दवक (कोट) निवासी संजय यादव के चाचा और उनके तीन वर्षीय नाती मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 फरवरी 2026 को लगभग दोपहर ढाई बजे अमरनाथ यादव पुत्र स्व. सामु यादव अपने तीन वर्षीय नाती विराट यादव पुत्र गुड्डू यादव को लेकर बाइक संख्या UP62BF2955 से दानगंज (वाराणसी) की ओर से अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर अहिरोली गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार संख्या UP65FQ3200 ने ओवरटेक करने के दौरान लापरवाहीपूर्वक बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। चालक की पहचान अरविंद पाल पुत्र वंशराज पाल, निवासी मुकुरीपुर, थाना चंदवक के रूप में हुई। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
चालक ने पूछताछ में बताया कि दुर्घटना में शामिल कार ग्राम सिधौनी (कर्रा) निवासी आलोक कुमार सिंह पुत्र उमाशंकर सिंह की है।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल अमरनाथ यादव और मासूम विराट यादव को तत्काल उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस कर रही जांच
मामले में पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से तहरीर दिए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हादसों से दहशत
आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में रोष है। तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग की लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। kfdnews.com
