प्रयागराज में रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार, 10 हजार की मांग पर कार्रवाई

प्रयागराज में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लेखपाल की पहचान महेन्द्र कुमार के रूप में हुई है, जो हैसियत प्रमाण पत्र (हैसियत सर्टिफिकेट) की रिपोर्ट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, एक आवेदक ने हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित रिपोर्ट लगाने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए लेखपाल महेन्द्र कुमार ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और निर्धारित स्थान पर रिश्वत लेते समय लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।