फरियादी को डांटकर थाने से भगाने का थानाध्यक्ष पर आरोप, वीडियो वायरल

oplus_2097152

सीसीटीवी फुटेज दिखाने पहुंचा था युवक, वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप
चन्दवक, जौनपुर।
थाना चन्दवक से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थानाध्यक्ष पर फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार और उसे थाने से भगाने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो लगभग 1 मिनट 43 सेकेंड का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक युवक मारपीट के मामले में सीसीटीवी फुटेज दिखाने थाना चन्दवक पहुंचा था। आरोप है कि उस दौरान थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने वर्दी का रौब दिखाते हुए कथित तौर पर फरियादी को डांटा और थाने से चले जाने को कहा।
वीडियो में शिकायत कर रहा युवक खुद को बीरीबारी (रसड़ा) गांव का निवासी बता रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि Kfdnews.com नहीं करता है।
“थानाध्यक्ष मेरी हत्या करा सकते हैं” – पीड़िता का आरोप
बीरीबारी (रसड़ा) गांव निवासी गीता देवी पत्नी जगजीवन ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार की सुबह विपक्षी उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनके पति के साथ मारपीट की।
पीड़िता के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पुत्री और पुत्र को भी पीटा गया। आरोप है कि पुत्री के कपड़े फाड़कर अश्लील हरकत की गई तथा घर से सोने की चैन छीन ली गई।
गीता देवी का कहना है कि जब वह इस घटना की शिकायत लेकर थाना चन्दवक पहुंचीं तो थानाध्यक्ष ने कथित तौर पर गालियां देकर उन्हें थाने से भगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी, थानाध्यक्ष से मिलीभगत कर उनके मकान व संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं और उन्हें जान का खतरा है।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता गीता देवी और उनके पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर पिछले छह वर्षों से विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि विवादित जमीन पर आरोपी पक्ष द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
शिकायत पर मौके पर पहुंचे लेखपाल और चौकी प्रभारी ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चों को लाठी, डंडे और ईंटों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में थाना चन्दवक के थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह से उनके सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो सकी।
— Kfdnews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights