बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत



चंदवक। स्थानीय थाना क्षेत्र में जौनपुर–वाराणसी सीमा स्थित पारापाटी लिंक मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार (22) पुत्र रामनाथ राम, थाना फूलपुर क्षेत्र के गांव नादोवं का निवासी था। वह अपनी बहन के घर जा रहा था। बताया जा रहा है कि पारापाटी शराब ठेका से लगभग 100 मीटर आगे अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरी और युवक का सिर पास की दीवार से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक का मूल निवास नियार (देवरिया) थाना चोलापुर, वाराणसी बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।