राज्यसभा चुनाव: हरियाणा, बिहार और ओडिशा में मतदान जारी, शाम को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली। देश के दस राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन 37 सीटों में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि बाकी 11 सीटों के लिए बिहार, ओडिशा और हरियाणा में मतदान हो रहा है।
इन राज्यों में खाली हुई थीं सीटें
महाराष्ट्र में 7, तमिलनाडु में 6, बिहार और पश्चिम बंगाल में 5-5, ओडिशा में 4, असम में 3, छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना में 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश में 1 सीट खाली हुई थी।
निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को इन चुनावों की घोषणा की थी, क्योंकि इन राज्यों से चुने गए 37 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है।
अब तक निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में
बीजेपी के 7, कांग्रेस के 5, तृणमूल कांग्रेस के 4, DMK के 3 तथा शिवसेना, आरपीआई (A), एनसीपी, NCP(SP), AIADMK, पीएमके और UPPL के एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं। प्रमुख नामों में शरद पवार, अभिषेक सिंघवी, तिरुचि शिवा और विनोद तावड़े शामिल हैं।
बिहार में 5 सीटों पर मुकाबला
बिहार में पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सत्तारूढ़ NDA के पांच और विपक्षी RJD का एक उम्मीदवार मैदान में है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उपेंद्र कुशवाहा प्रमुख उम्मीदवार हैं।
हरियाणा में 2 सीटों पर वोटिंग
हरियाणा में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं — बीजेपी के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय सतीश नांदल। बीजेपी ने दूसरी सीट के लिए नांदल को समर्थन दिया है।
ओडिशा में 4 सीटों के लिए मुकाबला
ओडिशा में चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। विपक्षी BJD ने बीजेपी पर खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। यहां 12 साल बाद राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।
एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 30 प्रथम वरीयता वोट चाहिए। बीजेपी के पास 82 विधायकों का समर्थन है, जबकि BJD के पास 48 विधायक हैं। ऐसे में चौथी सीट को लेकर क्रॉस-वोटिंग की संभावना भी जताई जा रही है।