रामपुर में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को 15 हजार की रिश्वत लेते दबोचा
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने शाहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल प्रेमशंकर तिवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, किसान हशमुद्दीन से जमीन से जुड़े कार्य के एवज में लेखपाल द्वारा 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की। योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, टीम ने तत्काल दबिश देकर लेखपाल को मौके पर ही पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि एंटी करप्शन टीम को देखकर लेखपाल जूते छोड़कर नंगे पैर भागने लगे, लेकिन कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सके। टीम ने उन्हें पकड़कर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। होली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
अब लेखपाल की होली सलाखों के पीछे मनने की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।