ईरान संकट के मद्देनज़र जौनपुर में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित, हेल्पलाइन नंबर 9454417117 जारी

जौनपुर। ईरान में उत्पन्न युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपात परिस्थितियों के मद्देनज़र कलेक्ट्रेट परिसर में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) स्थापित किया गया है।
जनपद जौनपुर के वे नागरिक जो किसी भी देश में फंसे हुए हैं अथवा जिन पर संभावित खतरे की आशंका है, उनके परिजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु यह कंट्रोल रूम प्रारंभ किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 9454417117 तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिया गया है। परिजन इस नंबर पर संपर्क कर अपने संबंधित व्यक्ति की जानकारी, वर्तमान लोकेशन तथा अन्य आवश्यक विवरण साझा कर सकते हैं, जिससे शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा। यहां तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर विदेश मंत्रालय एवं संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता पड़ने पर केवल आधिकारिक नंबरों पर ही संपर्क करें। प्रशासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।