सिद्धिकपुर मेडिकल कॉलेज निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर के निर्देश


जौनपुर।
दिनांक 16-02-2026 को जिलाधिकारी ने उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में निर्माण कार्यों की प्रगति एवं लंबित समस्याओं की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान निर्माण कार्यों में हो रही देरी और शिथिलता पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में प्रधानाचार्य ने अवगत कराया कि कार्यदायी संस्था द्वारा भवन निर्माण कार्य अब तक पूर्ण नहीं कराया गया है, जिसके कारण अस्पताल का संचालन प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। परियोजना प्रबंधक (सिविल एवं विद्युत) द्वारा धनाभाव का हवाला दिए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासनादेशों के माध्यम से लगभग पूरी धनराशि उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को भुगतान की जा चुकी है।
लगभग पूर्ण भुगतान के बावजूद कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सिविल एवं विद्युत इकाई के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रधानाचार्य को दिए।
सेंट्रल एसी एवं सबस्टेशन के हैंडओवर के संबंध में प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में हस्तांतरण संभव नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता तथा प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, जौनपुर को संयुक्त भौतिक निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजना को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कर जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights