सुलह-समझौते की पंचायत में चली गोली, मची अफरा-तफरी ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर किया पुलिस के हवाले, अन्य की तलाश जारी


जौनपुर। जौनपुर के चन्दवक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोठौली गांव की मुस्लिम बस्ती में शनिवार दोपहर सुलह-समझौते की चल रही पंचायत के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, संयोगवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए फायरिंग कर भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पिस्टल व दो खोखा कारतूस सहित पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जाता है कि एक सप्ताह पूर्व अमहित इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें तराव निवासी रोहन पुत्र गप्पी घायल हो गया था। इसके बाद मामला शांत माना जा रहा था, लेकिन रंजिश की आग सुलगती रही।
शुक्रवार को दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने गोठौली निवासी समीर की पिटाई कर दी। विवाद समाप्त करने के उद्देश्य से शनिवार को पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान समीर पुत्र जमालुद्दीन के बुलावे पर तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे आठ बदमाशों में से एक ने दहशत फैलाने के लिए लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी।
गोली चलते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस के सहयोग से ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान केराकत क्षेत्र के चौरा गांव निवासी अविनाश पुत्र अशोक के रूप में हुई है।
पुलिस ने फरार आरोपियों में फिरोज और समीर को नामजद किया है। अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights