होली व रमजान पर जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं, शांति बनाए रखने की अपील


जौनपुर। होली के पावन पर्व तथा पवित्र रमजान माह के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि होली रंगों, उमंग और सद्भाव का प्रतीक है। यह बसंत ऋतु का महत्वपूर्ण एवं लोकप्रिय पर्व है, जो राग और रंग के माध्यम से जीवन में उल्लास का संचार करता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक समरसता का प्रतीक भी है, जो आपसी मतभेद भुलाकर खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है।
रमजान माह की पवित्रता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आत्मसंयम, इबादत, त्याग और सेवा का संदेश देता है। ऐसे पावन अवसर पर सभी नागरिक आपसी सम्मान, धैर्य और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करें।
जिलाधिकारी ने अपील की कि पर्व के दौरान जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। अभिभावकों से बच्चों को सुरक्षित एवं संयमित तरीके से होली खेलने के लिए प्रेरित करने की भी अपील की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights