गाजीपुर में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, तीन घायल
👉
गाजीपुर: जनपद के सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा गांव के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी शनि कुमार (17), दीपक यादव (17) और शुभम कुमार (16) एक ही बाइक से शादियाबाद स्थित उर्स मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर (18), अखिलेश राजभर और अजीत राजभर सवार थे, से टांड़ा चट्टी के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शनि कुमार, दीपक यादव और विजय उर्फ रोलू राजभर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शुभम कुमार सहित तीन युवक घायल हो गए।
घायल शुभम कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन की गंभीर आवश्यकता की ओर इशारा करता है।