यूपी में बड़े बदलाव की आहट, दिल्ली में भाजपा की लगातार बैठकों से तेज अटकलें

👉
नई दिल्ली/लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के भीतर उत्तर प्रदेश को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में संभावित बड़े बदलावों के संकेत के बीच पार्टी के शीर्ष नेता दिल्ली में लगातार बैठकें कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल को लेकर भी गहन मंथन हुआ है।
बैठक में पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह, बीएल संतोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बताया जा रहा है कि संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव के स्वरूप को अंतिम रूप देने की दिशा में काम चल रहा है।
सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द ही हो सकता है, संभवतः रविवार या सोमवार को इसकी घोषणा की जाए। इसके बाद संगठन में भी नए पदाधिकारियों की सूची जारी होने की संभावना है।
इससे पहले विनोद तावड़े ने लखनऊ में दो दिन का प्रवास कर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। उनकी रिपोर्ट अमित शाह को सौंपे जाने के बाद अब अंतिम निर्णय का इंतजार है।
हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन लगातार बैठकों से यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में जल्द ही बड़े राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights