सैफई का पुराना वीडियो वायरल: अपर्णा संग अखिलेश यादव का आशीर्वाद लेते दिखे थे प्रतीक यादव


लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन के बाद सैफई का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रतीक यादव अपनी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं बड़े भाई Akhilesh Yadav से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नवंबर 2025 में हुए एक पारिवारिक विवाह समारोह का है।
जानकारी के मुताबिक, यह समारोह मुलायम सिंह यादव के भाई राजपाल यादव के पुत्र आर्यन यादव की शादी का था, जिसमें यादव परिवार के लगभग सभी सदस्य शामिल हुए थे। इसी दौरान प्रतीक यादव और अपर्णा यादव भी सैफई पहुंचे थे। वायरल वीडियो में दोनों बेहद सहज माहौल में परिवार के साथ दिखाई दे रहे हैं। प्रतीक यादव के निधन के बाद यह वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है।
इधर, प्रतीक यादव की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:55 बजे गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उस समय उनकी पल्स नहीं चल रही थी और आंखें पूरी तरह स्थिर थीं। डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल आईसीयू में शिफ्ट किया, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हार्ट अटैक या अन्य किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना देने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे और कुछ समय पहले उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
बीमारी के दौरान बड़े भाई Akhilesh Yadav भी अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वहीं, मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन उनकी पहचान एक बिजनेसमैन, फिटनेस प्रेमी और पशु प्रेमी के रूप में रही। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी और लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम का संचालन करते थे। इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ संस्था के माध्यम से बेसहारा पशुओं के इलाज और देखभाल से भी जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights