जिला अस्पताल में भर्ती मरीज की मौत पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का बयान जारी


जौनपुर। जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज सतीश गुप्ता की मृत्यु से जुड़े वायरल वीडियो के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आधिकारिक जानकारी जारी की है।
बताया गया कि मियांपुर थाना लाइन बाजार निवासी 45 वर्षीय सतीश पुत्र स्वर्गीय सुभाष चंद्र गुप्ता को 9 मई 2026 को अपराह्न 12:35 बजे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उन्हें डॉ. श्रीशेंदु (ईएमओ) द्वारा भर्ती किया गया था।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज हिमैटेमेसिस (खून की उल्टी) की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया और बीमारी की गंभीरता को देखते हुए एंडोस्कोपी कराने की सलाह दी गई, ताकि ब्लीडिंग के स्रोत का पता लगाया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के मुताबिक, मरीज की स्थिति गंभीर होने पर 11 मई 2026 को उन्हें Banaras Hindu University वाराणसी के लिए रेफर किया गया था। इसके लिए सरकारी एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई, लेकिन परिजनों ने तत्काल ले जाने से इनकार करते हुए परिवार से विचार-विमर्श के बाद निर्णय लेने की बात कही।
इसके बाद 12 मई 2026 को अपराह्न 12:20 बजे मरीज की मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद शव को मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ परिजनों को सौंप दिया गया और सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से उनके घर पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन ने सतीश गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights