हमीरपुर में थाने पर भीड़ का हमला, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट
Hamirpur के मुस्करा थाना क्षेत्र में बच्चे की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और थाना परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, आक्रोशित ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ थाने पहुंच गए और परिसर में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की कोशिश की। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के कॉलर खींचे और वर्दी के बिल्ले तक नोच दिए।
स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा। कई थानों की फोर्स के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। घंटों तक चले तनाव के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।