पूर्वांचल में गर्म हवाओं का यलो अलर्ट, वाराणसी समेत कई जिलों में बढ़ेगी तपिश

Varanasi समेत पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम विभाग ने गर्म हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक-दो दिन के भीतर काशी और आसपास के जिले लू की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले छह से सात दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। आंधी और बारिश के बाद अब तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 19 मई के बीच तीखी धूप के साथ लू जैसे हालात बन सकते हैं। लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।