करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, पिता गंभीर


जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के सुरेरी गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक हर्ष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता पंकज सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि मृतक हर्ष सिंह नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार पंकज सिंह की भैंस चरते-चरते घर के पास स्थित हरे चारे के खेत में पहुंच गई थी। भैंस को निकालने के लिए पंकज सिंह खेत में गए। इसी दौरान खेत में फैले करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
पिता को बचाने के लिए उनका पुत्र हर्ष सिंह मौके पर पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। घटना देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भदोही स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने हर्ष सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि पंकज सिंह का इलाज जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे लटक रही थी। इसकी शिकायत पूर्व में बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को खेत में पानी भरा होने के कारण करंट फैल गया और यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं विद्युत विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्या ने कहा कि तार लटकने की कोई पूर्व सूचना विभाग को नहीं मिली थी, फिर भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights