रेलवे टिकट चेकिंग सिस्टम होगा हाईटेक, बॉडी कैमरा पहनेंगे TTE

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे टिकट चेकिंग व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही ट्रेनों में टिकट जांच करने वाले टीटीई (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) बॉडी कैमरा पहनकर ड्यूटी करते नजर आएंगे।
रेलवे के अनुसार इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों और टीटीई दोनों की सुरक्षा बढ़ाना है। साथ ही टिकट जांच के दौरान होने वाले विवाद, अभद्र व्यवहार और फर्जी शिकायतों पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद टिकट जांच के दौरान होने वाली पूरी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड होगी। इससे किसी भी विवाद की स्थिति में वीडियो साक्ष्य उपलब्ध रहेगा, जिससे जांच और कार्रवाई में आसानी होगी।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बॉडी कैमरा सिस्टम से टिकट जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। साथ ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच होने वाले विवादों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
बताया जा रहा है कि रेलवे इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी कर रहा है। शुरुआती दौर में चुनिंदा ट्रेनों और रूटों पर इसका परीक्षण किया जा सकता है।