मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में अनोखा मामला, महिला ने 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली क्षेत्र की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना ने एक बेहद दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण प्रसव के जरिए चार बच्चों को जन्म दिया है। यह मामला मुरादाबाद स्थित Teerthanker Mahaveer University (टीएमयू) अस्पताल का बताया जा रहा है, जहां महिला ने 9 मई से 14 मई के बीच दो बेटों और दो बेटियों को जन्म दिया।
सबसे खास बात यह रही कि सभी बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए हुआ, जबकि आमतौर पर इस तरह की हाई रिस्क प्रेग्नेंसी में सिजेरियन ऑपरेशन किया जाता है। अस्पताल के डॉक्टर भी इस सफल प्रसव को लेकर हैरान और उत्साहित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गर्भ में चार भ्रूण होने के कारण डॉक्टरों ने शुरुआत में फीटल रिडक्शन की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और निगरानी के साथ इस जटिल प्रेग्नेंसी को संभाला।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक मां और चारों नवजातों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इस सफल प्रसव को अस्पताल की मेडिकल टीम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।