लखनऊ विश्वविद्यालय में ऑडियो वायरल होने से हड़कंप, असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप

लखनऊ। University of Lucknow में एक असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में शिक्षक द्वारा छात्रा को “डार्लिंग” कहकर संबोधित करने और परीक्षा का पेपर आउट कराने का दावा करने की बात सामने आई है।
आरोप है कि जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को फोन कर छुट्टी से वापस आने का दबाव बनाया। वायरल ऑडियो में कथित रूप से प्रोफेसर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है, एग्जाम से पहले आ जाओ।”
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान प्रोफेसर छात्रा से व्यक्तिगत बातें भी करते सुनाई दे रहे हैं। वहीं कॉल समाप्त होने के बाद छात्रा कथित रूप से यह कहती सुनाई दे रही है कि उसे पेपर नहीं चाहिए और उसे फिर से उत्पीड़न का डर है।
एक अन्य वायरल ऑडियो में आरोपी प्रोफेसर छात्रा से “मैं तुम पर फिदा हूं” जैसी बातें कहते सुनाई दे रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस को भी शिकायत दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जांच जारी है और विश्वविद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।