राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, सभी 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए

Trivandrum Rajdhani Express के एसी कोच में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में आलोट स्टेशन के पास कोटा रेल मंडल के लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार, त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच B1 में सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय कोच में 68 यात्री सवार थे।
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और रेलवे स्टाफ ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल संचालन भी प्रभावित रहा।