सड़क हादसे में दूल्हे के जीजा की मौत, शादी वाले घर में मचा कोहराम


Jaunpur। चंदवक थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा श्री गणेश राय इंटर कॉलेज कर्रा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय अखिलेश कुमार पुत्र गोरखनाथ निवासी रामपुर कठरवा, थाना देवगांव, जिला Azamgarh के रूप में हुई है। वह अपने ससुर अजय राम के घर ग्राम ब्रह्मानपुर, थाना चंदवक में अपने साले की शादी में शामिल होने आए थे।
बताया गया कि मंगलवार सुबह अखिलेश अपने रिश्तेदार संदीप कुमार के साथ बाइक से चंदवक बाजार माला लेने जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अखिलेश के सिर में गंभीर चोट आई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं संदीप कुमार के पैर में चोट आई है और उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार अखिलेश मुंबई के घाटकोपर इलाके में रहकर सिलाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी प्रतिमा, दो बेटे प्रांजल और अनिकेत तथा बेटी महिमा हैं। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक Amit Kumar Singh ने बताया कि अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ट्रेलर और चालक की पहचान करने में जुटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights