जौनपुर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, चेहरे पर चोट के निशान मिलने से फैली सनसनी!

जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी अंतर्गत खर्गसेनपुर-सोहनी नहर मार्ग पर रविवार सुबह सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। बताया गया कि मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर दूर नहर की पूर्वी पटरी पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी के एसआई संजय सिंह मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर सीओ केराकत अजित सिंह चौहान और इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार मृत युवक की उम्र करीब 28 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके चेहरे पर चोट के निशान और सूजन पाई गई है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। युवक ने काले रंग की पैंट और काला टी-शर्ट पहन रखा था। जेब की तलाशी में बीड़ी और तंबाकू मिला है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शव गृह भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।