चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला! चालक ने कूदकर बचाई जान, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर से खतौली की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार में भैंसी कट फ्लाईओवर के नीचे अचानक भीषण आग लग गई। चलते वाहन से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक के होश उड़ गए।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।