लखनऊ में BSP की बड़ी रणनीति बैठक: मायावती ने फिर दिया ‘सोशल इंजीनियरिंग’ फॉर्मूले पर जोर

लखनऊ। Mayawati की अध्यक्षता में हुई बहुजन समाज पार्टी की अहम बैठक से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। बैठक में पार्टी प्रमुख ने वर्ष 2007 के चर्चित ‘सोशल इंजीनियरिंग’ फॉर्मूले को फिर से मजबूती के साथ अपनाने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि वे सभी वर्गों के लोगों को जोड़ने के अभियान में जुट जाएं। खास तौर पर दलित, ब्राह्मण और मुस्लिम समाज को पार्टी की मुख्य ताकत बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सभी नेताओं को अगले छह महीने के लिए अलग-अलग लक्ष्य भी दिए गए हैं। निर्देश दिया गया कि छोटे से छोटे जनसरोकार वाले मुद्दों पर जनता के बीच सक्रिय रहकर संपर्क बढ़ाया जाए।
सूत्रों के अनुसार बैठक में यह भी कहा गया कि समाजवादी पार्टी और भाजपा से नाराज नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें BSP से जोड़ने की रणनीति पर काम किया जाए।
राजनीतिक जानकार इस बैठक को आगामी चुनावों से पहले BSP की बड़ी तैयारी के तौर पर देख रहे हैं।