बिजली संकट पर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा”

Akhilesh Yadav ने उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”
अखिलेश यादव ने प्रदेश में जारी बिजली संकट और कटौती को लेकर मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “शुक्र है मुख्यमंत्री जी ने यह नहीं कहा कि इस महा विद्युत आपदा के पीछे दिल्लीवालों के भेजे हुए दूत की साजिश है।”
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या नहीं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर मंत्री बैठक में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके “कंधे पर हाथ रखकर” एक तस्वीर साझा कर दें, ताकि जनता को सरकार की “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है, जबकि विधायक और सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के आक्रोश से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
अपने बयान के अंत में उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए लिखा, “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा।”
प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है, जबकि सरकार दावा कर रही है कि विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।