शकरमंडी में अवैध दोहरा फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, दो सगे भाई गिरफ्तार, दो कुंतल दोहरा बरामद
जौनपुर। नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से दोहरा निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब दो कुंतल अवैध दोहरा बरामद किया है। बरामद सामग्री का नमूना जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शकरमंडी मोहल्ले में स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से दोहरा का निर्माण एवं बिक्री कर रहे दो सगे भाइयों पवन साहू और विवेक साहू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद मोहल्ले के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग दो कुंतल अवैध दोहरा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार बरामद दोहरा का निर्माण बिना वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था। आशंका है कि इसकी आपूर्ति शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में की जा रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है तथा बरामद दोहरा का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।

क्रान्ति फाउंडेशन दूत