पिता पर दो मासूम बच्चों को जहर देने का आरोप, इलाज के दौरान दोनों की मौत

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बरवार खुर्द गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक पिता पर अपने ही दो मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप है। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरवार खुर्द निवासी सत्यम पुत्र अनील कन्नौजिया टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी शहर के एक मार्ट में कार्यरत है। गुरुवार रात सत्यम घर पहुंचा, जबकि उसकी पत्नी काम से वापस नहीं लौटी थी। घर में उसकी 12 वर्षीय बड़ी बेटी, 8 वर्षीय बेटी परी और 5 वर्षीय पुत्र अक्षत मौजूद थे।
आरोप है कि रात में सत्यम ने अपने तीनों बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने का प्रयास किया। इस दौरान 12 वर्षीय बड़ी बेटी किसी तरह वहां से निकल गई, जबकि 8 वर्षीय परी और 5 वर्षीय अक्षत इसकी चपेट में आ गए। दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सत्यम लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित है और उसका इलाज चल रहा है।
पिपरौली चौकी प्रभारी अमरेश सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा सभी तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।