महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की नई पहल.,जौनपुर में ‘उन्नति ग्रीन कैफे’ का शुभारंभ


जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन परिसर में “उन्नति ग्रीन कैफे” का शुभारंभ किया गया। कैफे का उद्घाटन प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह एवं अजीत प्रजापति, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्यमिता विकास हेतु प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी इस पहल को महिलाओं के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
बताया गया कि उन्नति ग्रीन कैफे के संचालन से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights