समय से पहले हो सकते हैं प्रदेश में चुनाव, कार्यकर्ता रहें तैयार: राकेश मौर्य


जौनपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियों तथा आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियां समय रहते पूरी करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर समाजवादी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी।
बैठक की शुरुआत जिला महासचिव आरिफ हबीब ने एजेंडा प्रस्तुत कर की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए।
बैठक को जिला उपाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन भी आरिफ हबीब ने किया।
बैठक के अंत में हाल ही में विभिन्न पदों पर मनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। सम्मानित होने वालों में चंद्रभूषण यादव, चंद्रशेखर यादव, मुलायम सिंह यादव, अजय रंजन यादव, धर्मेंद्र चौरसिया तथा अशफाक मंसूरी शामिल रहे।
बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजवादी समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights