जानलेवा हमला मामले में 4 वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजे गए जेल

जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। यह कार्रवाई जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार थाना सरायख्वाजा में दर्ज मुकदमा संख्या 298/2026 के संबंध में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं वांछितों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भकुरा मोड़ के पास दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किशन बिंद (19 वर्ष), नितेश बिंद (20 वर्ष), मट्टर बिंद उर्फ कैलाश (22 वर्ष) तथा रितेश बिंद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।