यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक बताकर ठगी का प्रयास, लखनऊ में मुकदमा दर्ज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड के अनुसार परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही है और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
निगरानी के दौरान 6 जून 2026 को टेलीग्राम पर “Upp exam paper” नामक चैनल के माध्यम से कथित तौर पर परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने संबंधी भ्रामक संदेश प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के नाम पर धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा था।
इस संबंध में थाना हुसैनगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में मुकदमा संख्या 78/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66D तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे आपराधिक कृत्यों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक संदेश, फर्जी पेपर लीक दावों अथवा संदिग्ध व्यक्तियों के झांसे में न आएं और पूरी निष्ठा के साथ परीक्षा की तैयारी करें।