दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड: छह आरोपी गिरफ्तार, वांछितों को शरण देने का आरोप

जौनपुर। चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में फरार आरोपियों को शरण देने और पुलिस कार्रवाई के दौरान उन्हें फरार कराने के आरोप में खेतासराय थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Kunwar Anupam Singh के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने थाना क्षेत्र के नौली गांव से छह वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी थाना खेतासराय में दर्ज मुकदमा संख्या 91/2026 में वांछित थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार राजभर, शरद उर्फ सनोज, राकेश राजभर, सुभाष राजभर, सर्वेश राजभर तथा वीरेंद्र राजभर शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि इन लोगों ने 3 मई 2026 को हुए चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को संरक्षण दिया था। आरोप है कि गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम का विरोध करते हुए उन्होंने वांछित आरोपियों को मौके से फरार कराने में भी मदद की थी।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों में इन सभी की संलिप्तता सामने आई, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय सहित खेतासराय थाने की पुलिस टीम शामिल रही।