अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के विरोध में कैंडल मार्च, सड़क हादसों में मृतकों को दी श्रद्धांजलि

चंदवक, जौनपुर। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर अधूरे सड़क निर्माण के कारण वर्षों से हो रही दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए रविवार को पूर्वांचल किसान संगठन के तत्वावधान में क्षेत्रीय लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च गाजीपुर रोड स्थित आंबेडकर प्रतिमा से शुरू होकर चंदवक चौराहा स्थित गांधी पार्क तक पहुंचा। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सड़क दुर्घटनाओं में मृत लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष एवं किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के निर्माण कार्य को शुरू हुए एक दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज भी सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केराकत तहसील क्षेत्र के करीब 16 किलोमीटर हिस्से का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके चलते लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 500 लोगों की मौत हो चुकी है तथा सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क निर्माण अधूरा होने के बावजूद टोल टैक्स की वसूली जारी है। अजीत सिंह ने जिला प्रशासन से दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक (नो एंट्री) लगाने की मांग करते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूरा किए बिना टोल टैक्स की वसूली बंद की जाए। उन्होंने कहा कि जनता लाशों पर व्यापार बर्दाश्त नहीं करेगी और प्रशासन को जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम को जय प्रकाश राम, रामेश्वर सिंह, मुकेश सिंह राजपूत और अरविंद पांडेय ने भी संबोधित किया। इस दौरान नायब तहसीलदार संदीप सिंह, थानाध्यक्ष अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, महेंद्र प्रजापति, सोनू सिंह, योगेंद्र सिंह, सोनू माली समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।