जौनपुर में NEET पेपर लीक पर उबाल, जंतर-मंतर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन
जौनपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच जौनपुर में भी आक्रोश देखने को मिला। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी और छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर की गई कार्रवाई की भी निंदा की गई। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।