अयोध्या: रामलला को गर्मी से राहत देने की तैयारी, गर्भगृह में एसी लगाने पर मंथन


अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में विराजमान रामलला को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए एयर कंडीशनर (एसी) लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर निर्माण कार्य में जुटी एलएंडटी के इंजीनियरों ने गर्भगृह का तकनीकी सर्वे कर एसी स्थापना की संभावनाओं का आकलन किया है।
गौरतलब है कि वर्तमान में गर्भगृह पूरी तरह पत्थरों से निर्मित है और यहां एसी की कोई व्यवस्था नहीं है। गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान का असर रामलला के विग्रह के साथ-साथ पूजा-अर्चना करने वाले पुजारियों पर भी पड़ता है। फिलहाल अस्थायी राहत के तौर पर कूलर लगाया गया है, लेकिन स्थायी समाधान के रूप में एसी लगाने की योजना पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इंजीनियर ऐसी तकनीक विकसित करने पर विचार कर रहे हैं, जिससे एसी स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन और नियमित पूजा-पद्धति प्रभावित न हो। पूरी व्यवस्था इस प्रकार तैयार की जाएगी कि एसी के उपकरण कम से कम दिखाई दें और उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर बनी रहे।
बताया जा रहा है कि गर्भगृह की पत्थर से बनी संरचना एसी लगाने में सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती है। मंदिर की मूल वास्तुकला, शिल्पकला और सौंदर्य को बिना किसी नुकसान के शीतलन व्यवस्था विकसित करनी होगी। इसके साथ ही एसी की पाइपलाइन, डक्टिंग और विद्युत व्यवस्था को भी इस तरह तैयार किया जाएगा कि मंदिर की संरचना पूरी तरह सुरक्षित रहे।
इंजीनियर तापमान नियंत्रण के साथ नमी का संतुलन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं, ताकि पत्थरों, धातु के अलंकरणों और रामलला के विग्रह पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights