शिमला में लैंडस्लाइड से यातायात बाधित, लोगों को पैदल चलने पर मजबूर
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। कांग्रेस कार्यालय के पास डंगा गिरने से मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे क्षेत्र में यातायात ठप हो गया।
घटना के कारण लिफ्ट से पुराने बस अड्डे और पुराने बस अड्डे से लिफ्ट तक आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने के चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को मजबूरी में पैदल सफर करना पड़ रहा है।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य कर रही है, हालांकि लगातार बारिश के चलते राहत कार्य में बाधाएं आ रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क को जल्द से जल्द चालू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।