सिद्धार्थनगर में ‘सांपों का घर’ बना मकान, चार दर्जन से अधिक बच्चों के मिलने से मचा हड़कंप

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के बर्डपुर क्षेत्र अंतर्गत करीमपुर महापाली चौराहे पर स्थित एक मकान से लगातार सांपों के बच्चे निकलने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ही घर से बड़ी संख्या में सांपों के बच्चे निकलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं शुरुआती दौर में इस घटना को लेकर अंधविश्वास और तरह-तरह की चर्चाएं भी फैलने लगीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त मकान निवासी अजय गुप्ता के घर में मंगलवार रात अचानक सांप के बच्चों के निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। एक के बाद एक कई सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्य घबरा गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
बुधवार सुबह भी सांपों के निकलने का क्रम जारी रहा, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि घर के किसी सुरक्षित स्थान पर एक नागिन ने बड़ी संख्या में अंडे दिए थे। इन्हीं अंडों से निकले बच्चे अब धीरे-धीरे बड़े होकर बाहर निकल रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसमें किसी प्रकार की रहस्यमयी या अलौकिक बात नहीं है। विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों और अंधविश्वास से बचने की अपील की है। साथ ही टीम द्वारा घर एवं आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरा इलाका चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।