बेनामी संपत्ति पर शिकंजा: अतीक अहमद की 110 करोड़ की जमीन कुर्क, खरीद-फरोख्त पर रोक

प्रयागराज। माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद की अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में प्रयागराज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.38 बीघा बेनामी जमीन को कुर्क कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 110 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त न्यायालय, कमिश्नरेट प्रयागराज के आदेश पर की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में लेते हुए उसकी खरीद-फरोख्त पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
अधिकारियों का कहना है कि माफिया के खिलाफ चल रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध संपत्तियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ प्रशासन की बड़ी पहल माना जा रहा है।