सिविल लाइन थाने में 50 हजार की रिश्वत लेते SSI गिरफ्तार
मुज़फ़्फ़रनगर। सिविल लाइन थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) प्रवीण शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना परिसर के भीतर ही की गई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हलचल मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की गई, जिसके बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी दरोगा ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त अपने हाथ में ली, टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान हल्की हाथापाई भी हुई, लेकिन टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद आरोपी को सिखेड़ा थाने ले जाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।