झांसी-खजुराहो हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, 25 हजार लीटर दूध सड़क पर बहा
झांसी/यूपी-एमपी बॉर्डर। झांसी-खजुराहो हाईवे पर एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब दूध से भरा एक टैंकर अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा करीब 25 हजार लीटर दूध सड़क पर ही फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। राहगीरों के साथ ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाल्टी और बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर फैले दूध को भरने लगे। कई लोग छलनी से छानकर दूध इकट्ठा करते नजर आए।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।