रक्षक बना भक्षक: डायल-112 सिपाही पर मासूम के अपहरण, दुष्कर्म व हत्या का आरोप


गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। डायल-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव पर 10 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप लगा है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी सिपाही की ड्यूटी मंगलवार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गोरखनाथ रोड स्थित चीऊटहा पुल के पास थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसने बच्ची को घर छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले लिया। आरोप है कि आरोपी बच्ची को सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव फेंककर फरार हो गया।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को जब उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया, तो वहां मौजूद अस्पताल कर्मियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने आरोपी की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में भारी रोष है और स्थानीय लोग आरोपी को कठोर से कठोर सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights