नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज

जौनपुर। जिले में तैनात नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ दुष्कर्म तथा आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर आरोपों में मीरगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला मृतका की मां की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की मां ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री श्वेता सिंह की शादी वर्ष 2014 में बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसकी एक नौ वर्षीय पुत्री भी है। आरोप है कि सुल्तानपुर जनपद के अमहट कोतवाली क्षेत्र के गोरा बारीक गांव निवासी विवेक श्रीवास्तव का उनके घर आना-जाना था।
बताया गया है कि मछलीशहर तहसील में तैनाती के दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर श्वेता से संबंध बनाए। परिजनों का कहना है कि इसके बाद श्वेता के अपने पति से संबंध बिगड़ गए और वह आरोपी के साथ रहने लगी।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवेक श्रीवास्तव श्वेता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार वह घुमाने के बहाने अश्लील वीडियो बनाता था और अन्य अधिकारियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी डालता था।
परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर श्वेता सिंह ने 9 मार्च को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में मीरगंज थाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि फिलहाल आरोप प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किए गए हैं, जिनकी सत्यता की जांच जारी है।