पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी रवि यादव मामले की मजिस्ट्रियल जांच जारी

जौनपुर। थाना खेतासराय क्षेत्र में 25 मई 2026 की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी रवि यादव की मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच जारी है। यह जानकारी उप जिलाधिकारी केराकत ने दी।
प्राप्त विवरण के अनुसार, थाना खेतासराय में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह की तहरीर पर मु0अ0सं0-120/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/7/25 के अंतर्गत रवि यादव एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में रवि यादव घायल हो गया था।
घायल अवस्था में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय जौनपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर इस प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच उप जिलाधिकारी केराकत को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई मौखिक, लिखित या अन्य साक्ष्य उपलब्ध हो, तो वे प्रेस विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर तहसील केराकत स्थित उप जिलाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच में सहयोग करने वाले व्यक्तियों की पहचान एवं उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।